शिवपुरी l रन्नौद थाना के बाहर चालानी कार्यवाही के दौरान हुए विवाद ने उग्र रूप ले लिया। वाहनों की जांच के दौरान पुलिस द्वारा चालान काटे जाने को लेकर हुए विवाद में एक आरक्षक के साथ मारपीट कर दी गई, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई।घटना के बाद दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप के बीच थाने के बाहर चक्काजाम कर दिया गया।पुलिस के अनुसार रन्नौद थाना के बाहर वाहनों की नियमित जांच की जा रही थी। इसी दौरान मनोज जाटव अपनी कार से कुछ महिला पुरुषों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दस्तावेजों की जांच कर चालानी कार्रवाई की। चालान काटे जाने पर मनोज जाटव का साला निलेश जाटव बाइक से मौके पर पहुंचा और कार्रवाई का विरोध करने लगा। कहासुनी कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई। इसी दौरान आरक्षक अवधेश शर्मा के सिर पर वार किए गए।जाटव परिवार ने आरोप लगाया कि आरक्षक ने पहले मारपीट की, जिसमें उनकी एक महिला और एक मासूम बच्चा भी घायल हुआ। पुलिस प्रशासन ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। दोनों पक्षों से बयान लिए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस की ओर से कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया गया है।