डिण्डोरी। मुख्यमंत्री कृषक जीवन कल्याण योजना 2008 के अंतर्गत जिले के एक किसान परिवार को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। यह सहायता विकासखंड बजाग के ग्राम परसवाह निवासी स्वर्गीय श्री चैनसिंह के निधन उपरांत उनके परिवार को संबल देने के उद्देश्य से स्वीकृत की गई है।

      प्राप्त जानकारी के अनुसार स्वर्गीय चैनसिंह की पत्नी श्रीमती चमेली बाई को मध्यप्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड, क्षेत्रीय कार्यालय जबलपुर द्वारा 4 लाख रुपये की सहायता राशि मंजूर की गई।

       कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने आज श्रीमती चमेली बाई को सहायता राशि का चेक सौंपते हुए उन्हें सलाह दी कि वे अपने बच्चों के नाम एक-एक लाख रुपये की एफडी कराएं तथा शेष राशि बच्चों की शिक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में खर्च करें। उन्होंने अनावश्यक खर्च से बचने और भविष्य की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की बात कही।

        उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री कृषक जीवन कल्याण योजना के तहत कृषकों की दुर्घटना अथवा असामयिक मृत्यु की स्थिति में उनके आश्रित परिवारजनों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है, जिससे कठिन समय में परिवार को आर्थिक संबल मिल सके।