जब सड़क पर चलती कार अचानक बन गई आग का गोला
उज्जैन धतरावदा-गरोठ मार्ग पर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक चलती हुंडई औरा कार (MP 14 AF 3290) में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते कार धूं-धूं कर जलने लगी और लपटों का गुबार उठने लगा।
गनीमत रही कि कार में सिर्फ चालक मौजूद था, जिसने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत बाहर छलांग लगा दी। इस सतर्कता से उसकी जान बच गई और बड़ा हादसा टल गया।
रात 8:15 बजे सूचना मिलते ही दमकल टीम तुरंत मौके के लिए रवाना हुई और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। शुरुआती आशंका के अनुसार आग का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।


