मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गेहूँ उपार्जन केन्द्रों का किया आकस्मिक निरीक्षण
खरगोन l मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरूवार को खरगोन जिले में मंडलेश्वर तहसील के कतरगांव और शाजापुर जिले के ग्राम मकोड़ी में गेहूँ उपार्जन केंद्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने उपार्जन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कलेक्टर और मंडी सचिव को निर्देशित किया कि गेहूँ उपार्जन से संबधित सभी निर्देशों का कड़ाई से पालन करें। अन्नदाताओं को किसी भी प्रकार की समस्या नहीं होनी चाहिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वे निरंतर आकस्मिक दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कतरगांव में कृषक श्री सुरेश पाटीदार की 55 क्विंटल गेहूँ की खरीदी के बाद ई-उपार्जन पोर्टल पर श्री पाटीदार को प्राप्ति ऑनलाइन जनरेट करवाई और कृषक को भुगतान राशि 1 लाख 44 हजार 374 रूपये का प्राप्ति पत्र सौंपा।
निर्देशों का पालन करें सुनिश्चित
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुधवार को महेश्वर में रात्रि विश्राम के बाद आज खरगोन जिले में कतरगांव गेंहूँ उपार्जन केंद्र के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर और मंडी सचिव को निर्देशित किया कि उपार्जन/
खरीदी केंद्रों पर पूरे 6 तौल कांटे लगाए जाएं। सभी 6 तौल कांटों पर निरंतर तुलाई कार्य चलता रहे। गेहूं खरीदी के आज से नए मापदंड जारी हुए है वह लागू हो जाएं। किसानों के लिए उपार्जन/खरीदी केंद्रों पर पर्याप्त छाया और शीतल पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। प्रत्येक अन्नदाता को सम्मान और सुविधा के साथ उपज का उचित मूल्य दिलाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उपार्जन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की समस्या का त्वरित निराकरण किया जाए। किसानों की उपज की तुलाई समय पर हो सके इसके लिए पर्याप्त संख्या में बारदाने, तौल कांटे, सिलाई मशीन, स्लॉट बुकिंग हेतु कंप्यूटर, नेट कनेक्शन, कंप्यूटर ऑपरेटर, आदि व्यवस्थाएं उपार्जन केन्द्र पर हमेशा उपलब्ध रहें। उन्होंने उपार्जन केंद्र पर कृषकों की सुविधा के लिए पेयजल, टेंट, बैठक, इत्यादि व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया तथा सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश दिए।
किसानों से किया संवाद
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उपार्जन केन्द्र कतरगांव में किसान व पशुपालक श्री भागीरथ मालवीय तथा अन्य किसानों से संवाद भी किया। किसानों तथा पशुपालकों से चर्चा कर उनके साथ चाय पी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यहाँ स्लॉट बुकिंग और उपार्जन की अन्य व्यवस्थायें और किसानों को ओटीपी के माध्यम से किये जा रहे भुगतान की जानकारी प्राप्त की। किसानों से शासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं का फीडबैक भी लिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अन्नदाता को सम्मान, सुविधा एवं उपज का उचित मूल्य दिलाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उनसे खेती-किसानी सम्बंधी चर्चा कर पशुपालन व डेयरी विकास के साथ ही परिजन के बारे में भी जानकारी ली। इस दौरान महेश्वर विधायक श्री राजकुमार मेव सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।
मकोड़ी में ट्रॉली पर चढ़कर देखी उपज
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गुरूवार को शाजापुर जिले के ग्राम मकोड़ी में श्यामा गेहूं उपार्जन केंद्र का औचक निरीक्षण किया। यहाँ स्लॉट बुकिंग और उपार्जन की अन्य व्यवस्था और किसानों को ओटीपी
के माध्यम से किये जा रहे भुगतान की जानकारी प्राप्त की। साथ ही उपार्जन केंद्र पर किसानों से चर्चा कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने ट्रैक्टर-ट्राली पर चढ़कर किसानों से संवाद किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कृषक श्री दीपक, श्री राहुल से उनकी गेहूं की उपज की जानकारी ली और अन्य कृषकों से भी चर्चा की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किसानों को बताया कि उपार्जन अवधि 9 मई 2026 से बढ़ाकर 23 मई कर दी गई है। जरूरत पड़ने पर उपार्जन अवधि को आगे भी बढ़ाया जाएगा। चिंता न करें उनकी उपज का एक-एक दाना खरीदा जाएगा। हमारी सरकार सभी किसानों के साथ खड़ी हैं।
आकस्मिक निरीक्षण के दौरान किसानों से उपार्जन स्थल पर पर्याप्त बैठक व्यवस्था, पेयजल, छाया आदि के बारे में जानकारी ली गई और उपार्जन स्थल पर गेहूं के वजन की मात्रा को अपने समक्ष तुलवाकर भी देखा। प्राथमिक कृषि साख सहकारी संस्था मकोड़ी किसानों की संख्या, खरीदी एवं परिवहन की मात्रा तथा भुगतान की राशि आदि के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बारदानों पर छपाई कर रही स्व-सहायता समूह की महिला श्रीमती संगीता बाई से छपाई के बारे में पूछा। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री लाडली बहना और शासन की अन्य योजनाओं से मिलने वाली राशि के बारे में जानकारी ली।
इस दौरान उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री श्री इंदर सिंह परमार, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री हेमराजसिंह सिसोदिया, विधायक श्री अरुण भीमावद, डॉ. रवि पांडे, उज्जैन संभाग आयुक्त श्री आशीष सिंह, आईजी श्री राकेश कुमार गुप्ता, डीआईजी श्री नवनीत भसीन, शाजापुर कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना, पुलिस अधीक्षक श्री यशपाल सिंह राजपूत मौजूद थे।


