मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने डेलनपुर बालाजी के दर्शन कर पूजन-अर्चन किया
उज्जैन । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को कर्नाटक के राज्यपाल श्री थावरचंद गहलोत के साथ डेलनपुर, नागदा स्थित बालाजी हनुमान के नवनिर्मित मंदिर के कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर राज्यपाल श्री थावरचंद गहलोत व उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का स्वागत-अभिनंदन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भगवान बालाजी हनुमान के दर्शन कर पूजन-अर्चन किया और कलश आरोहण व ध्वजारोहण कार्यक्रम में सहभागिता की।इस अवसर पर राज्यपाल श्री थावरचंद गहलोत ने कहा कि हमारी संस्कृति, हमारी सभ्यता और सनातन की परंपरा विश्व शांति का आधार है। इसके लिए हमें सनातन को मजबूत करना होगा। आज विश्व में जो अशांति फैली है, उसके लिए हमें चाहिए कि हम सनातन की शिक्षाओं से व्यापक रूप से लोगों को अवगत कराएं और सनातन को मजबूत करें। इससे लोगों में वसुधैव कुटुम्बकम् की अवधारणा पल्लवित हो। डेलनपुर बालाजी धाम में श्री राम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में राज्यपाल श्री गहलोत ने उपस्थित जनसमूह को सनातन धर्म को मजबूत करने की अपील की।प्राचीन बालाजी हनुमान मंदिर के नवनिर्माण और राम दरबार प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में सम्मिलित होकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि विश्व में हमारी सभ्यता, समाज और हमारी संस्कृति अद्भुत है। इसकी परिकल्पना भी दूसरे देश के लोग नहीं कर सकते हैं। राम परिवार और राम राज्य की अवधारणा आज भी हम सबके लिए आदर्श का केंद्र रही है। आज से 17 लाख साल पहले राम जी का शासनकाल रहा है, उस शासनकाल की अवधारणा को आज भी आदर्श रूप में स्थापित किया जाता है। भगवान श्री कृष्ण 5 हजार साल से हमें ज्ञान प्रदान कर रहे हैं।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हम सभी भगवान राम और भगवान श्री कृष्ण के अनुयायी हैं। प्रदेश में जहां-जहां भगवान श्री राम और श्री कृष्ण आए हैं, उन सभी स्थलों को हम तीर्थ के रूप में विकसित कर रहे हैं। भगवान राम ने जो आदर्श समाज के लिए स्थापित किए थे, उन आदर्शों से युवा पीढ़ी और समाज के लोगों को परिचित कराने के लिए प्रदेश के सभी ऐसे स्थलों को तीर्थ स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। चित्रकूट परमधाम में भी प्रदेश सरकार 2000 करोड़ रुपए की राशि से तीर्थ स्थल को विकसित करने का कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भगवान श्री राम के साथ भगवान श्री हनुमान का अटूट बंधन का रिश्ता रहा है, उसको समझाना भी अपने आप में अद्भुत है और किसी कथा से कम नहीं है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बालाजी धाम मंदिर का फर्श, पीने के पानी की टंकी और बाउंड्री वॉल बनाने की घोषणा की।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने डेलनपुर बालाजी धाम के नवनिर्मित मंदिर श्री राम दरबार प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव कार्यक्रम में मंच पर विराजमान श्री 1008 परम पूज्य नारायण त्यागी महाराज, परम पूज्य मधुसूदन महाराजजी और सभी संतवृंद को मेरा प्रणाम करते हुए कहा कि डेलनपुर बालाजी धाम की यह विशेषता है कि यहां पर भगवान को रोज चोला चढ़ता है। भगवान श्री राम जैसा परिवार और रामराज्य जैसी सरकार हो, ऐसा हम सभी के मन में भाव आता है। उन्होंने कहा कि हनुमान जी महाराज अष्ट सिद्धि और नव निधि के दाता हैं, उनके अंदर इन सभी सिद्धियों का भंडार है। हनुमान जी महाराज के जीवन का प्रत्येक क्षण भगवान श्री राम के लिए समर्पित है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अयोध्या में भगवान श्रीराम का धाम उन सभी को उत्तर दे रहा है, जिन्होंने भगवान श्री राम की जन्मभूमि के निर्माण पर अड़ंगे लगाए।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारी सरकार ने तय किया है कि अयोध्या के बाद अब चित्रकूट धाम को भी अद्भुत और भव्य बनाया जाएगा। जहां-जहां भगवान श्री राम और भगवान श्री कृष्ण ने अपने चरण रखे हैं, प्रत्येक स्थान को हम तीर्थ बनाने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारा प्रयास है कि प्रदेश में दुग्ध उत्पादन बढ़ना चाहिए। इसे बढ़ाने के लिए प्राकृतिक खेती और गौवंश पालने वाले परिवारों को 1100 रुपए अनुदान भी दे रहे हैं।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सिंहस्थ 2028 प्रदेश ही नहीं, विश्व का सबसे बड़ा मेला है, जहां 40 करोड़ श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। सिंहस्थ में पूरा विश्व मालवा का अतिथि बनकर आनंद उठाएगा। मालवा वाले अतिथि-संस्कार और अतिथि-सत्कार के लिए जाने जाते हैं। कार्यक्रम में सांसद श्री अनिल फिरोजिया ने भी संबोधित किया।बालाजी धाम परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विधायक श्री अनिल जैन कालूहेड़ा, विधायक श्री सतीश मालवीय, विधायक श्री तेज बहादुर सिंह चौहान, विधायक श्री दिनेश जैन बोस, उज्जैन नगर निगम महापौर श्री मुकेश टटवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री राजेश धाकड़ और अन्य जनप्रतिनिधिगण भी उपस्थित रहे।


