मुख्यमंत्री किसान कल्याण डैशबोर्ड में झाबुआ प्रदेश में प्रथम
झाबुआ l मुख्यमंत्री किसान कल्याण डैशबोर्ड की जून 2026 की प्रगति रैंकिंग में झाबुआ जिले ने प्रदेशभर में प्रथम स्थान प्राप्त कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग, मध्यप्रदेश शासन द्वारा जारी रैंकिंग में झाबुआ जिले को 33.70 अंक प्राप्त हुए हैं। यह उपलब्धि कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट के मार्गदर्शन एवं जिले के विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों का परिणाम है।
जिले की इस सफलता में सहकारिता विभाग एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक (डीसीसीबी) की महत्वपूर्ण भूमिका रही। डीसीसीबी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ए.आई. खान के नेतृत्व में बैंक अधिकारियों श्री विधान कनेश एवं श्री रामचन्द्र पालीवाल सहित समस्त अमले द्वारा किसानों तक शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया गया।
मुख्यमंत्री किसान कल्याण डैशबोर्ड के अंतर्गत सहकारिता क्षेत्र में झाबुआ जिले ने 74.94 अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। सहकारिता विभाग एवं डीसीसीबी द्वारा किसानों को समयबद्ध एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए गए, जिनका सकारात्मक परिणाम प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में देखने को मिला।
डीसीसीबी द्वारा खरीफ एवं रबी सीजन के लिए पात्र किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर फसली ऋण उपलब्ध कराया गया, जिससे किसानों को समय पर कृषि कार्यों के लिए वित्तीय सहायता प्राप्त हुई। इसके साथ ही प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) के माध्यम से किसानों को खाद, बीज एवं अन्य आवश्यक कृषि आदानों की उपलब्धता भी समय पर सुनिश्चित की गई।
बैंक द्वारा विशेष अभियान संचालित कर अधिक से अधिक पात्र किसानों के किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) बनाए गए तथा दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक बैंकिंग सुविधाओं का विस्तार किया गया। साथ ही वित्तीय अनुशासन, ऋण वसूली, ऑनलाइन मॉनिटरिंग एवं विभिन्न प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों (केपीआई) में भी उत्कृष्ट कार्य किया गया।
सहकारिता विभाग एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अधिकारियों ने इस उपलब्धि का श्रेय बैंक के समस्त कर्मचारियों, सहकारी समितियों के प्रबंधकों तथा जिले के किसानों के सहयोग और समन्वित प्रयासों को दिया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी किसानों के हित में इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए जिले को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा।


