पोषण, स्वाद और स्वच्छता पर आधारित विकासखण्ड स्तरीय कुकिंग प्रतियोगिता का सफल आयोजन
राजगढ़। कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गड़पाले के मार्गदर्शन में प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना अंतर्गत विद्यालयों में प्रदाय किए जाने वाले मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, पौष्टिकता एवं स्वाद को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विकासखण्ड स्तरीय कुकिंग प्रतियोगिता का आयोजन जनपद पंचायत खिलचीपुर परिसर में किया गया। प्रतियोगिता में विकासखण्ड की विभिन्न शालाओं से चयनित 30 कुक-कम- हेल्पर्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों द्वारा मध्यान्ह भोजन में उपयोग की जाने वाली सामग्री से पौष्टिक, स्वादिष्ट, स्वच्छ एवं बच्चों की रुचि के अनुरूप नवीन व्यंजन तैयार कर अपनी पाक-कला एवं नवाचार का प्रदर्शन किया। आयोजन का प्रमुख उद्देश्य विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण एवं पोषणयुक्त भोजन को प्रोत्साहित करना तथा स्थानीय खाद्य परंपराओं को बढ़ावा देना रहा।
प्रतियोगिता में शामिल सभी कुक-कम-हेल्पर्स को पूर्व में जनपद शिक्षा केन्द्र (बीआरसी) खिलचीपुर में विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया था। प्रतियोगिता में तैयार व्यंजनों का मूल्यांकन पोषण गुणवत्ता, स्वच्छता, स्वाद, नवाचार एवं प्रस्तुतीकरण के आधार पर विशेषज्ञ निर्णायक मंडल द्वारा किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. गढ़पाले, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत खिलचीपुर श्री गोविंद सिंह सोलंकी, जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी) श्री राजेंद्र यादव एवं जिला मध्यान्ह भोजन प्रभारी उपस्थित रहे। अतिथियों द्वारा विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता में श्रीमती राधिका चौहान, मां दयालु समूह छापीहेड़ा को प्रथम स्थान प्राप्त होने पर 5 हजार रूपये का पुरस्कार प्रदान किया गया। द्वितीय स्थान पर श्रीमती गणेशी बाई, रानी लक्ष्मीबाई समूह खिलचीपुर एवं श्रीमती ललिता बाई, अमन समूह खिलचीपुर रहीं, जिन्हें 3 – 3 हजार रूपये का पुरस्कार प्रदान किया गया। तृतीय स्थान पर श्रीमती सुमन बाई, स्मृति समूह खिलचीपुरश्रीमती भूरी बाई, सरस्वती समूह खिलचीपुर तथा श्रीमती कृष्णा बाई, रानी लक्ष्मीबाई समूह खिलचीपुर रहीं, जिन्हें 2 –2 हजार रूपये का पुरस्कार प्रदान किया गया। सांत्वना पुरस्कार स्वरूप 1 –1 हजार रूपये की राशि श्रीमती सुमित्रा बाई, श्रीमती ममता सेन एवं श्रीमती सीमा बाई गोर को प्रदान की गई।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि विद्यालयों में बच्चों को पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने में कुक-कम-हेल्पर्स की महत्वपूर्ण भूमिका है। इस प्रकार की प्रतियोगिताएं उनके कौशल, नवाचार एवं कार्यकुशलता को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर को सुनिश्चित करने में सहायक सिद्ध होंगी। कार्यक्रम का सफल आयोजन जनपद पंचायत खिलचीपुर एवं शिक्षा विभाग के समन्वित प्रयासों से संपन्न हुआ।


