दतिया का दंगल : बीजेपी बीस हज़ार वोटों से जीतेगी या कांग्रेस पच्चीस हजार वोटों से ...?
दतिया l पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा का एक बयान सामने आया है। उन्होंने इस बार भाजपा प्रत्याशी की जीत को लेकर बड़ा दावा कर दिया है। खुद का टिकट कटने के बाद भाजपा नेता नरोत्तम मिश्रा अब पूरे ताकत के साथ पार्टी द्वारा मैदान में उतारे गए आशुतोष तिवारी के पक्ष में प्रचार कर रहे हैं। वो भाजपा प्रत्याशी के लिए लगातार जनसभाएं और जनसंपर्क कर क्षेत्रवासियों से वोट मांगते नजर आ रहे हैं। पूर्व गृह मंत्री ने दावा किया है कि, इस बार भाजपा दतिया सीट पर बड़ी जीत दर्ज करेगी। नरोत्तम मिश्रा ने मीडिया को दिए बयान में कहा कि, दतिया उपचुनाव की तैयारियां अच्छी तरह चल रही हैं और बीजेपी करीब 20 हजार वोटों के अंतर से इस बार चुनाव जीतेगी। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस नेता अवधेश नायक ने कांग्रेस उम्मीदवार के 25 हजार से अधिक वोटों के अंतर से जीत दर्ज करने का दावा कर दिया है। नायक ने कांग्रेस उम्मीदवार की तारीफ करते हुए कहा कि वह एक अच्छे और ईमानदार उम्मीदवार हैं। उन्होंने दावा किया कि जीतू पटवारी के नेतृत्व में कांग्रेस दतिया उपचुनाव में 25 हजार से अधिक वोटों के अंतर से जीत दर्ज करेगी।


