गुना कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल द्वारा आज फसल अवशेष प्रबंधन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपसंचालक कृषि श्री अशोक कुमार उपाध्याय, एसडीओ कृषि श्री संजीव शर्मा कृषि विभाग के अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।  

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाने के लिए फील्ड विजिट किए जाएं। उन्होंने कहा कि किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन के फायदों के बारे में जागरूक किया जाए ताकि पराली जलाने जैसी समस्याओं को रोका जा सके। बैठक में कलेक्टर ने उपसंचालक कृषि से ड्रोन फ्लाइंग की संख्या से संबंधित जानकारी ली। उन्होंने अच्छे कार्य करने वाले कर्मचारियों को पुरस्कृत और प्रोत्साहित करने के निर्देश भी दिए।  

उपसंचालक कृषि ने बताया कि सभी कृषि विस्तार अधिकारी फील्ड में जाकर किसानों को योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं। वे किसानों के मोबाइल नंबर और आवश्यक जानकारियां भी संकलित कर रहे हैं, ताकि आगे उन्हें योजनाओं की अद्यतन जानकारी दी जा सके।  

बैठक के अंत में कलेक्टर ने इस कार्य को और प्रभावी बनाने पर जोर देते हुए कहा कि किसानों से निरंतर संवाद बनाए रखा जाए और तकनीकी संसाधनों का अधिकतम उपयोग किया जाए।