दतिया में हीराकुंड एक्सप्रेस ट्रेन में आतंकी होने की सूचना से देर रात दतिया रेलवे स्टेशन पर हड़कंप मच गया। कंट्रोल रूम से मिले अलर्ट के बाद कोतवाली पुलिस टीम फौरन स्टेशन पर पहुंची और ट्रेन के कोचों की तलाशी शुरू की। करीब 35 मिनट तक चली जांच के बाद ट्रेन को दो बजकर 35 मिनट पर झांसी की ओर रवाना किया गया।

हीराकुंड एक्सप्रेस में आतंकी होने की झूठी सूचना
जानकारी के अनुसार दिल्ली से झांसी जा रही हीराकुंड एक्सप्रेस में सीट को लेकर कुछ युवकों के बीच कहा-सुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर उसी कोच में सफर कर रहे साधु वेशधारी एक व्यक्ति ने कंट्रोल रूम पर फोन कर झूठ में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना दे दी। सूचना मिलते ही ट्रेन को दतिया में रोक लिया गया। पुलिस ने साधु वेशधारी सूचना देने वाले व्यक्ति को हिरासत में लिया, जिसने अपना नाम रमेश पासवान बताया। । उसके बताए आधार पर तीन युवकों एच. बिलाल, फैजान और एक अन्य को भी कोच से उतारकर पूछताछ की गई। सभी झांसी क्षेत्र के निवासी बताए गए।

पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला सीट विवाद में गुस्से में दी गई गलत सूचना का है। झूठी सूचना फैलाने के मामले में आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।