धार l तलवाड़ी गांव में चूना खदान के सर्वे और ड्रिलिंग कार्य की शुरुआत के लिए पहुंची टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। गांव में सर्वे की खबर मिलने के बाद ग्रामीण एकत्रित हुए और सर्वे का विरोध करने लगे। भीड़ ने जल्द ही आक्रोशित रूप ले लिया और मशीनों में तोड़फोड़ शुरू कर दी। ग्रामीणों के विरोध और राजस्व विभाग की एक गाड़ी के कांच टूट जाने के कारण कर्मचारी वाहन छोड़कर मौके से भागने को मजबूर हुए। ग्रामीणों द्वारा किए गए पथराव का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें पुलिस कर्मी अपनी जान बचाते हुए भागते नजर आए।जैसे ही मशीनें खेत में लगाई गईं, बड़ी संख्या में ग्रामीण और महिलाएं पारंपरिक हथियार लेकर सड़क पर उतर आईं। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर बैठकर पुलिस के काफिले को रोक दिया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और भीड़ ने अधिकारियों की गाड़ियों और मशीनों पर पथराव शुरू कर दिया, जिससे अफरा-तफरी मच गई।