दिल्ली ने टॉस जीतकर गुजरात को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। गुजरात ने शुभमन गिल (70), वाशिंगटन सुंदर (55) और जोस बटलर (52) की अर्धशतकीय पारियों से 20 ओवर में चार विकेट पर 210 रन बनाए। जवाब में दिल्ली कैपिटल्स की टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 209 रन ही बना सकी। उनके लिए केएल राहुल ने सर्वाधिक 92 रनों की पारी खेली। दिल्ली ने लखनऊ सुपर जाएंट्स और मुंबई इंडियंस के खिलाफ अपने शुरुआती दो मैच छह-छह विकेट के अंतर से जीते थे। दिल्ली फिलहाल अंक तालिका में चौथे स्थान पर है। दूसरी ओर, गुजरात की टीम पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अपने शुरुआती दो मैच गंवा चुकी थी, जिसके बाद आखिरकार गुजरात ने जीत का खाता खोला है। यह टीम अंक तालिका में छठे स्थान पर पहुंच गई है।लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स को पथुम निसांका और केएल राहुल की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। अच्छी शुरुआत के बाद दिल्ली की पारी लड़खड़ाई और टीम ने 101 के स्कोर पर तीन विकेट गंवा दिए। यहां से केएल राहुल ने मोर्चा संभालते हुए डेविड मिलर के साथ चौथे विकेट के लिए 35 रन जुटाए। मिलर ने दिल्ली के खाते में 12 रन का योगदान दिया और वह रिटायर्ड हर्ट होकर लौट गए। केएल राहुल ने बेहतरीन पारी खेली, लेकिन वह टीम को जीत दिलाने से पहले आउट हो गए। मिलर फिर मैदान पर उतरे और उन्होंने साहसिक खेल दिखाया।  मिलर इस मैच में 41 रन बनाकर नाबाद रहे, लेकिन अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके।