भोपाल l कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और हुजूर विधानसभा से दो बार चुनाव लड़ चुके नरेश ज्ञानचंदानी ने एक्स पर पोस्ट कर पार्टी नेतृत्व के फैसले पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को टैग करते हुए लिखा कि मध्यप्रदेश से राज्यसभा उम्मीदवार के चयन में पार्टी से बड़ी चूक हुई है। उनका कहना है कि उन्होंने पहले भी नेतृत्व को उम्मीदवार चयन में सावधानी बरतने की सलाह दी थी, क्योंकि प्रदेश में क्रॉस वोटिंग की आशंका बनी हुई है।

ज्ञानचंदानी ने दावा किया कि यदि पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को दोबारा उम्मीदवार बनाया जाता तो कांग्रेस की सीट अधिक सुरक्षित रहती। उनके मुताबिक दिग्विजय सिंह की विधायकों पर मजबूत पकड़ है और उनके नाम पर व्यापक सहमति भी थी। उन्होंने यह भी कहा कि मीनाक्षी नटराजन के नाम पर सभी नेताओं की राय एक जैसी नहीं है।