भारत-पाकिस्तान मैच : दीप्ति से पहले इस बल्लेबाज ने कर दिया था खेल
महिला टी20 विश्व कप 2026 में भारत ने अपने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 64 रन से हराकर टूर्नामेंट में शानदार जीत दर्ज की। मुकाबले में भारतीय टीम ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में दमदार प्रदर्शन किया, लेकिन मैच का सबसे बड़ा टर्निंग प्वॉइंट ऋचा घोष की विस्फोटक पारी साबित हुई। उनकी तेजतर्रार बल्लेबाजी ने न सिर्फ भारत के स्कोर को मजबूती दी, बल्कि पाकिस्तान पर मानसिक दबाव भी बना दिया।18 ओवर के बाद भारत का स्कोर 132 रन था और बड़े स्कोर की उम्मीद कम दिखाई दे रही थी। ऐसे समय पर ऋचा घोष ने मोर्चा संभाला और आखिरी दो ओवरों में मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। ऋचा ने सिर्फ 17 गेंदों में 34 रन की तूफानी पारी खेली। इस दौरान उन्होंने पांच चौके और एक छक्का लगाया। उनका स्ट्राइक रेट 200 का रहा। खास तौर पर 19वें ओवर में उन्होंने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 23 रन बटोरे, जिससे भारतीय टीम का स्कोर तेजी से आगे बढ़ गया।


