कृभको धार द्वारा स्वच्छता अभियान एवं आय सृजन कार्यक्रम का भव्य आयोजन
राजोद (धार)। कृषक भारती कोऑपरेटिव लिमिटेड (कृभको) धार द्वारा बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी संस्था, राजोद (जिला धार) में स्वच्छता अभियान एवं आय सृजन कार्यक्रम का सफल एवं भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के लगभग 150 प्रगतिशील कृषकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री सौरभ सिंह, नोडल अधिकारी, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक धार थे। विशिष्ट अतिथियों में श्री अनिल पुरोहित (शाखा प्रबंधक, राजोद), श्री राज बाबू कुमार (क्षेत्रीय प्रबंधक, कृभको इंदौर), श्री शांतिलाल पटेल (अध्यक्ष, राजोद गौशाला), श्री दिलीप वैष्णव (सुपरवाइजर, राजोद शाखा), श्री विनोद धाकड़ (क्षेत्रीय प्रतिनिधि, रतलाम) एवं श्री अनूप मिश्रा (प्रतिनिधि, नोवोनेसिस) उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ विनायक हारोड़, क्षेत्रीय प्रतिनिधि कृभको धार द्वारा अतिथियों के स्वागत के साथ किया गया। उन्होंने उपस्थित किसानों को कृभको की स्थापना, उपलब्धियों एवं विभिन्न कृषि उत्पादों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। साथ ही मध्यप्रदेश शासन की ई-टोकन प्रणाली, कृभको राइजोसुपर, कम्पोस्ट खाद, तरल जैव उर्वरकों एवं जैविक खेती से होने वाले लाभों की विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए इनके वैज्ञानिक उपयोग की विधि भी समझाई।
मुख्य अतिथि श्री सौरभ सिंह ने किसानों को संबोधित करते हुए कृभको उत्पादों की गुणवत्ता एवं विश्वसनीयता की सराहना की। उन्होंने कहा कि कृभको केवल उर्वरक उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि किसानों एवं ग्रामीण समाज के सर्वांगीण विकास के लिए भी निरंतर कार्य कर रहा है। स्वच्छता अभियान के अंतर्गत समिति, गौशाला, विद्यालय, धर्मशाला एवं मंदिरों को स्वच्छता सामग्री वितरित किए जाने तथा आय सृजन कार्यक्रम के तहत किसानों को आधुनिक बैटरी चालित स्प्रेयर पम्प प्रदान किए जाने की उन्होंने विशेष प्रशंसा की।
क्षेत्रीय प्रबंधक श्री राज बाबू कुमार ने भारतीय कृषि के भविष्य, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण एवं भूमि की उर्वरता बढ़ाने हेतु कृभको द्वारा किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला। उन्होंने किसानों को जैविक खेती अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए रासायनिक उर्वरकों के संतुलित एवं वैज्ञानिक उपयोग की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों द्वारा विभिन्न संस्थाओं को स्वच्छता सामग्री वितरित की गई। साथ ही लॉटरी के माध्यम से चयनित विजेता किसानों को आधुनिक बैटरी चालित स्प्रेयर पम्प प्रदान किए गए, जिससे किसानों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम का सफल संचालन एवं आभार प्रदर्शन विनायक हारोड़, क्षेत्रीय प्रतिनिधि कृभको धार द्वारा किया गया। कार्यक्रम ने किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, जैविक खेती एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


