डायल-112 हीरोज : तालाब में गिरे युवक को SDERF की मदद से सुरक्षित बचाया
खंडवा जिले के थाना मोघट रोड क्षेत्र में डायल-112 जवानों की तत्पर एवं साहसिक कार्रवाई से तालाब में गिरे 30 वर्षीय युवक को सुरक्षित बाहर निकालकर परिजनों के सुपुर्द किया गया। समय पर किए गए इस समन्वित बचाव कार्य से युवक की जान सुरक्षित बचाई जा सकी।
दिनांक 10 अप्रैल को राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112, भोपाल को सूचना प्राप्त हुई कि थाना मोघट रोड क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिजौरा भील में एक व्यक्ति तालाब में गिर गया है, जो मदद के लिए आवाज दे रहा है एवं तत्काल पुलिस सहायता की आवश्यकता है। सूचना प्राप्त होते ही मोघट रोड थाना क्षेत्र में तैनात डायल-112 एफआरव्ही वाहन को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
मौके पर पहुँचकर डायल-112 स्टाफ प्रधान आरक्षक श्री गणेश खत्री एवं पायलट श्री देवेंद्र ने पाया कि एक 30 वर्षीय युवक तालाब में गिर गय।
डायल-112 जवानों ने तत्परता एवं साहस का परिचय देते हुए SDERF टीम के साथ समन्वय स्थापित कर तत्काल बचाव कार्य प्रारंभ किया। संयुक्त प्रयासों से युवक को सुरक्षित बाहर निकाला गया।तत्पश्चात डायल-112 टीम द्वारा युवक को एफआरव्ही वाहन से सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुँचाया गया।
डायल-112 जवानों की त्वरित, समन्वित एवं मानवीय कार्यवाही से एक व्यक्ति की जान बचाई जा सकी। डायल-112 हीरोज श्रृंखला के अंतर्गत यह घटना दर्शाती है कि मध्यप्रदेश पुलिस की डायल-112 सेवा आपात परिस्थितियों में त्वरित राहत एवं सहायता प्रदान करने हेतु सदैव सजग, साहसी एवं प्रतिबद्ध है।


