राज्य मंत्री श्री लोधी ने दी होली की शुभकामनाएं
भोपाल l पर्यटन, संस्कृति और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने प्रदेशवासियों, पर्यटन क्षेत्र के हितधारकों, कला प्रेमियों और संस्कृति के संरक्षकों को रंगों के महापर्व 'होली' की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
राज्य मंत्री श्री लोधी ने अपने संदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पर्यावरण-हितैषी पहल का उल्लेख करते हुए नागरिकों से अपील की है कि वे इस वर्ष होलिका दहन में लकड़ी के स्थान पर 'गौ-काष्ठ' (गाय के गोबर से निर्मित लकड़ी) का उपयोग करें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की यह मंशा न केवल पर्यावरण संरक्षण में सहायक होगी, बल्कि हमारी गौ-शालाओं को भी आत्मनिर्भर बनाएगी।
राज्य मंत्री श्री लोधी ने प्रदेशवासियों से रसायनों से मुक्त 'प्राकृतिक रंगों' से होली खेलने का आग्रह किया, ताकि हमारी सांस्कृतिक विरासत और स्वास्थ्य दोनों सुरक्षित रहें। उन्होंने पर्यटन हितधारकों से 'अतिथि देवो भव' की भावना के साथ पर्यटकों का स्वागत करने को कहा, जिससे प्रदेश की गौरवशाली छवि वैश्विक पटल पर और निखरे। उन्होंने कामना की कि यह त्यौहार सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि के नए रंग लेकर आए।


