ईरान ने हॉर्मुज जलडमरूमध्य में तेल टैंकरों पर हमले कर दोनों देशों के बीच हुए समझौते का उल्लंघन किया
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कांग्रेस को औपचारिक रूप से सूचित किया है कि ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान 7 जुलाई से दोबारा शुरू हो गया है और कई महीनों से लागू युद्धविराम अब समाप्त हो चुका है। ट्रंप ने सीनेट के कार्यवाहक अध्यक्ष चक ग्रासली को भेजे पत्र में कहा कि अमेरिकी हमले सीमित, सुनियोजित और नागरिकों को न्यूनतम नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से किए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ईरान ने हॉर्मुज जलडमरूमध्य में तेल टैंकरों पर हमले कर दोनों देशों के बीच हुए समझौते का उल्लंघन किया, जिसके बाद अमेरिका ने जवाबी सैन्य कार्रवाई शुरू की। ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी सेना जरूरत पड़ने पर आगे भी हमले जारी रखेगी। इस बीच अमेरिका ने ईरानी बंदरगाहों की समुद्री नाकेबंदी फिर लागू करने का ऐलान किया है, जबकि अन्य देशों के जहाजों को हॉर्मुज से गुजरने की अनुमति होगी। वहीं ईरान ने अमेरिकी हस्तक्षेप को खारिज करते हुए चेतावनी दी है कि उसकी अनुमति के बिना हॉर्मुज से गुजरने वाले जहाजों की सुरक्षा की जिम्मेदारी अमेरिका नहीं ले सकता और किसी भी सैन्य कार्रवाई का कड़ा जवाब दिया जाएगा।


