धरती का आंचल हरा-भरा रखना हम सबकी जिम्मेदारी है- मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह
नरसिंहपुर। प्रदेश शासन के परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि धरती का आंचल हरा-भरा रखना हम सबकी जिम्मेदारी है। यह दिन केवल एक तारीख नहीं है, बल्कि एक यादगार पल है और एक मौका भी है। यह याद रखें कि प्राकृतिक से हमारा रिश्ता सह-अस्तित्व का है। आज के दिन हम संकल्प लेकर एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत एक पौधा जरूर लगाएं। साथ ही उस पौधे को बड़ा होने तक उसकी देखभाल करने की जिम्मेदारी भी लें। मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह शुक्रवार को पीएमश्री शासकीय कन्या नवीन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गाडरवारा में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्री श्री सिंह एवं मंचासीन अतिथियों ने माँ सरस्वती जी का पूजन कर किया। मंत्री श्री सिंह ने एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों- कर्मचारियों, स्वयं सेवी संगठनों और छात्र- छात्राओं के साथ सामूहिक रूप से पौधरोपण किया। इस अवसर पर नपा अध्यक्ष श्री शिवाकांत मिश्रा, पूर्व नपा अध्यक्ष श्री नवनीत चाचा, श्री राजेंद्र साहू, श्री मिनेन्द्र डागा, श्री हंसराज मालपानी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, एसडीएम श्री मणिन्द्र सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. अनिल कुशवाहा, तहसीलदार श्रीमती प्रियंका नेताम, सीएमओ श्री वैभव देशमुख व अन्य अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक और छात्र-छात्राएं मौजूद थे। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए हम सभी जागरूक बनें और दूसरों को भी पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करें। मंत्री श्री सिंह ने इस अवसर पर विधायक क्षेत्र विकास निधि से प्रदत्त 5 ई-स्वच्छता वाहन नगर पालिका परिषद को प्रदान किए। कार्यक्रम मे प्राचार्य सतीश नाईक ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का मंच संचालन शिक्षक श्री मनीष शंकर तिवारी एवं आभार प्रदर्शन श्री चंद्रकांत शर्मा ने किया।


