भोपाल l मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने चंदेरी विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक श्री राजकुमार सिंह यादव के निधन पर गहन दु:ख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उन्हें श्रद्धांजलि देकर बाबा महाकाल से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजन को इस पीड़ा को सहने की शक्ति देने के लिए प्रार्थना की है। राव राजकुमार सिंह यादव एक प्रतिष्ठित राजनीतिक परिवार से संबंध रखते थे और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते थे। चंदेरी विधानसभा क्षेत्र के परिसीमन के बाद वर्ष 2008 में वे पहली बार विधायक निर्वाचित हुए। युवावस्था से ही राजनीति में रुचि रखने वाले राव राजकुमार सिंह यादव ने 1970 में ग्राम पंचायत के पंच के रूप में सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की। 1975 में वे ईसागढ़ जनपद के सदस्य चुने गए। वर्ष 1990 में जनपद अध्यक्ष बने और संगठनात्मक क्षमता का परिचय दिया।

1996 में भाजपा के प्रदेश सदस्य रहे तथा 2007 में जिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली। वे अशोकनगर में यादव समाज की संस्था श्री कृष्णा संस्थान के अध्यक्ष और यादव महासभा के प्रदेश सदस्य भी रहे। अपने सहज, मिलनसार और जनसेवा के लिए समर्पित स्वभाव के कारण वे सभी वर्गों में लोकप्रिय थे।