भोपाल । पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को विदिशा में बाढ़ वाले गणेश मंदिर में पूजा-अर्चना कर देश व प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की और विदिशा भ्रमण कर होली मिलन समारोह में शिरकत की। श्री चौहान ने सभी को रंगों के पर्व होली, रंगपंचमी की बधाई व शुभकामनाएं दीं। श्री चौहान ने जमीन पर बैठकर मंजीरा बजाया, ढोल की थाप पर डांस किया और होली के गीत भी गुनगुनाए। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि, हमेशा गंभीर रहने की जरूरत नहीं है। यह रंगों का पर्व है, आनंद, उत्साह का पर्व है, ये सभी मतभेद भूलकर लोगों को गले लगाने का पर्व है। मस्ती और जोश से होली का त्यौहार मनाएं।

राहुल, प्रियंका व खड़गे का नेतृत्व दिशाहीन है
पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि, अब ये पुरानी कांग्रेस नहीं बची है, ये कांग्रेस महात्मा गांधी जी की कांग्रेस नहीं है। ये पंडित जवाहरलाल नेहरू की भी कांग्रेस नहीं हैं और ये इंदिरा गांधी की भी कांग्रेस नहीं है। कौन फैसले कर रहा है, ये कैसे फैसले कर रहा है, जाको प्रभु दारुण दुख देहीं ताकी मति पहले हर लेहीं। अब आयोध्या का निमंत्रण दिया गया था, लेकिन उन्होंने फैसला किया कि, हम नहीं जाएंगे। आज का जो कांग्रेस का नेतृत्व है वो पूरी तरह से दिशाहीन है। उन्हें पल्ले ही नहीं पड़ता कि करें तो क्या करें। अब ऐसे गलत फैसले देश को सही दिशा नहीं दे सकते हैं। 

विनाशकाले विपरित बुद्धि, विचारवान नेता छोड़ रहे कांग्रेस
पूर्व मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि, जब आयोध्या में भव्य और दिव्य राम मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा हो रही थी, पूरा देश उत्सव मना रहा था, हर कोई रामलाल के दर्शन के लिए आतुर था। तब मैडम सोनिया और राहुल गांधी जी को भी निमंत्रण दिया गया था, लेकिन उन्होंने कहा कि, हम नहीं जाएंगे। कांग्रेस के तो करम ही फूटें हैं। कांग्रेस का नेतृत्व ही ऐसा है इसलिए उनके विचारवान नेता कांग्रेस को छोड़कर देश के विकास के लिए भाजपा में शामिल हो रहें हैं। ये कांग्रेस पार्टी कभी भी देश और जनता का भला नहीं कर सकती है।  

भाजपा में शामिल हुए कांग्रेस नेता
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की उपस्थिति में रविवार को विदिशा में 1500 से ज्यादा कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने भारतीय जनता पार्टी की विचारधार, रीति-नीति और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार में हुए जन-कल्याण के कार्यों से प्रभावित होकर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री श्री  शिवराज सिंह चौहान ने कार्यकर्ताओं को पार्टी का अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया। पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, मैं कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले विचारवान नेताओं का हार्दिक स्वागत करता हूं और जो साथी भाजपा में आएं हैं उन्हें यथायोग्य उचित स्थान दिया गया है, यूज एंड थ्रो जैसी स्थिति नहीं है। भाजपा का नेतृत्व और कार्यकर्ता विशाल हृदय का है, आप सभी का मान-सम्मान और स्थान सुरक्षित रहेगा । दिग्विजय सिंह द्वारा भाजपा में शामिल हो रहे कांग्रेसियों पर टिप्पणी पर एक पत्रकार के सवाल पर श्री चौहान ने कहा कि दिग्विजय सिंह जी अब खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे की तरह व्यवहार कर रहे हैं।

भाजपा राष्ट्रीय पुनर्निर्माण का आंदोलन है
पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, हम राजनीति में क्यों काम करते हैं। हम राजनीति में इसलिए काम करते हैं कि, राजनीति के माध्यम से हम अपने देश की सेवा कर सकें, हम विकास के काम में योगदान दे सकें, हम अपनी जनता की सेवा कर सकें। हमारे लिए तो हमारी जनता ही भगवान है। जनता की सेवा भगवान की पूजा है। हम जनता की बेहतरी के लिए काम कर रहे हैं। अपना देश आगे बढ़े इसमें हम अपना योगदान दे सकें और विकास के कामों में हम सहभागी बन सकें यह राजनीति में काम करने का मकसद है। इसलिए मैंने माना कि, भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रीय पुनर्निर्माण का आंदोलन है। 

आदर्श लोकसभा क्षेत्र बनेगा विदिशा
पूर्व मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि, विदिशा-रायसेन संसदीय क्षेत्र को आदर्श लोकसभा क्षेत्र बनाना है। यहां के हर शहर, हर ग्राम को आदर्श बनाना है। किसान, महिला, युवा और गरीब के कल्याण और विकास ही हमारा लक्ष्य है। कांग्रेस के जमाने में न तो सड़कें थी, न बिजली थी और न ही पानी की कोई व्यवस्था थी। उन्होंने कहा कि, पहले भी विदिशा लोकसभा में कई विकास के कार्य हुए हैं और अब इन विकास कार्यों को आगे बढ़ाना है। मैं विश्वास दिलाता हूं कि, विदिशा और यहां की जनता के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ूंगा।

भारत विश्व गुरू बनेगा, कोई रोक नहीं सकता
पूर्व मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी युगपुरूष, युगदृष्टा हैं। एक वैभवशाली, एक गौरवशाली, एक संपन्न, एक समृद्ध और एक शक्तिशाली भारत का निर्माण नरेंद्र मोदी जी के हाथों हो रहा है। 140 करोड़ भारतवासी मोदी जी की ताकत है। भारत विश्व गुरू बनेगा कोई रोक नहीं सकता। उन्होंने कहा कि, ऐसे समय हमने जन्म लिया है जब देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी हैं। हम अपनी आंखों से अपने सामने भारत को दुनिया का सरताज बनते देखेंगे।