मध्यप्रदेश के शहडोल से नाता रखने वाले युवा कनिष्क दुबे बॉलीवुड में अपनी दमदार मौजूदगी दर्ज कराने जा रहे हैं। 23 साल के कनिष्क ने फिल्म रजनी की बारात में हीरो के तौर पर लीड रोल निभाया है। उनके अपोजिट उल्का गुप्ता नजर आएंगी। फिल्म का निर्देशन आदित्य अमन ने किया है।

 कनिष्क का बचपन से एक्टिंग के प्रति रुझान था। कनिष्क ने कक्षा 8 तक की स्कूली शिक्षा शहडोल से जबकि 12वीं तक की शिक्षा भोपाल से पूरी की है। स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद कनिष्क ने दिल्ली स्थित एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से BSC इन सिनेमा की डिग्री हासिल की। एक्टिंग के क्षेत्र में अपना करियर बनाने के लिए कनिष्क ने मुंबई का रुख किया और वहां अनुपम खेर की मशहूर एक्टिंग एकेडमी से भी फिल्म मेकिंग का कोर्स कम्पलीट किया। मुंबई में वे फिल्म मेकिंग से जुड़ी एक्टिविटी से जुडे रहे। इसी दौरान उन्होंने फिल्म ‘रजनी की बारात’ के लिए ऑडिशन दिया और तीन राउंड के बाद उनका सलेक्शन इस फिल्म के मुख्य किरदार के लिए हो गया।