देर रात बाईक सवारों ने की फायरिंग, दहशत में लोग, CCTV में कैद हुआ घटनाक्रम
सिवनी जिला मुख्यालय के सुभाष वार्ड स्थित बंद दुकान पर देर रात अज्ञात बाइक सवारों द्वारा फायरिंग किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना दरमियानी रात की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार सुनारी मोहल्ला निवासी सतेंद्र चौरसिया की चूड़ी की दुकान सुभाष वार्ड में स्थित है। रात में दुकान बंद कर वे अपने घर चले गए थे। देर रात करीब 2 बजे उन्हें पटाखे जैसी आवाज सुनाई दी, लेकिन उन्होंने उस समय इस पर ध्यान नहीं दिया। सुबह जब दुकान पहुंचे तो शटर में गोली लगने का छेद दिखाई दिया। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के दौरान दुकान के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए हैं, जिनमें से एक दुकान की ओर फायरिंग करता नजर आ रहा है। पुलिस ने घटनास्थल से गोली का एक खाली खोखा भी बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में पिस्टल से फायरिंग किए जाने की बात सामने आई है।


