मेसर्स ए.बी.जे. एग्रीको प्रा.लिमिटेड को आवंटित फोर्टिफाइड चावल अवैध रूप से संवेदी राइस मिल में क्यों डायवर्ट किया गया...?
भोपाल l बालाघाट कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री मृणाल मीणा ने भारतीय खाद्य निगम द्वारा एथेनॉल उत्पादन के लिए जारी किए जा रहे चावल के कथित डायवर्जन के मामले में भारतीय खाद्य निगम भोपाल के क्षेत्रीय महाप्रबंधक को पत्र लिखकर मामले की विस्तृत जांच कराने को कहा है। उन्होंने कहा है कि एफसीआई के अन्य गोदामों से एथेनॉल नीति के अंतर्गत जारी किए जा रहे चावल का भी भौतिक सत्यापन कराया जाएगा।
बालाघाट कलेक्टर श्री मीणा ने बताया कि शिकायत प्राप्त होने पर राजस्व विभाग तथा खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने जांच की है। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि एफसीआई के नेवरगांव, जिला बालाघाट गोदाम से एथेनॉल उत्पादन के लिए मेसर्स ए.बी.जे. एग्रीको प्रा.लि., छिंदवाड़ा को आवंटित फोर्टिफाइड चावल निर्धारित गंतव्य तक पहुंचने के बजाय कथित रूप से अवैध रूप से संवेदी राइस मिल में डायवर्ट किया गया। इस संबंध में थाना वारासिवनी में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।


