शाजापुर l कालापीपल के कमालपुर गांव में LPG गैस सिलेंडरों की बड़ी चोरी का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार जंगल क्षेत्र में स्थित गैस गोदाम से करीब 81 भरे हुए एलपीजी सिलेंडर अज्ञात बदमाश चोरी कर ले गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
गैस गोदाम के संचालक दीपेश जायसवाल ने मामले की शिकायत कालापीपल थाने में दर्ज कराई है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में चोरी सुनियोजित तरीके से किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि देशभर में जहां पहले से ही गैस सिलेंडरों की किल्लत बनी हुई है, वहीं इतनी बड़ी संख्या में सिलेंडरों की चोरी होना गंभीर चिंता का विषय है। घटना से क्षेत्र के उपभोक्ताओं में भी भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है।
पुलिस द्वारा आसपास के क्षेत्रों में जांच और संदिग्धों की तलाश की जा रही है। साथ ही गोदाम की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।