छतरपुर l  लवकुश नगर थाना क्षेत्र के ग्राम झिन्ना में सामने आए संदिग्ध फायरिंग मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए चौंकाने वाला सच उजागर किया है। पुलिस जांच में पता चला कि घायल युवक ने अपने ही चाचा को हत्या के प्रयास के झूठे मामले में फंसाने के लिए खुद पर फायरिंग करवाई थी। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित कुल 6 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले ग्राम झिन्ना में एक युवक के घायल होने की सूचना पर डायल 112 टीम मौके पर पहुंची और उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। घटना संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर गहन जांच शुरू की।
जांच के दौरान सामने आया कि घायल विपुल चतुर्वेदी ने अपने साथियों के साथ मिलकर पूरी साजिश रची थी। उसने अपने चाचा को झूठे केस में फंसाने के इरादे से पहले अवैध हथियार की व्यवस्था कराई और फिर खुद की जांघ में गोली चलाकर घायल हो गया।