मुझे मत ढूंढना…ऐसा पत्र घर छोड़ कर गायब हो गया 13 साल का बच्चा
इंदौर l खजराना थाना क्षेत्र की श्री कृष्णा विहार कॉलोनी में रहने वाला एक 13 वर्षीय बालक अचानक बिना बताए घर से लापता हो गया है। परिजनों को घर से एक पत्र मिला, जिसमें बालक ने अपने माता-पिता के नाम संदेश लिखा था। पत्र में बालक ने लिखा कि वह आध्यात्मिक जीवन जीने के लिए अपने असली परिवार के पास जा रहा है। उसने यह भी लिखा कि मम्मी-पापा उसे ढूंढने की कोशिश न करें, क्योंकि उनके साथ उसका जीवन पूरा हो गया है। बालक घर से जाते समय करीब 500 रुपये भी अपने साथ लेकर गया है। पत्र में उसने यह भी लिखा कि ये पैसे उसका एक दोस्त वापस कर देगा।परिजनों ने तुरंत मामले की सूचना खजराना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और संभावित स्थानों पर भी तलाश की जा रही है।



