दबंगों का आतंक : मारपीट के बाद अस्पताल में भी घुसकर हंगामा, युवक से कट्टा बरामद
दतिया जिले के थाना चिरूला क्षेत्र में दबंगों के हौसले इतने बुलंद नजर आए कि खेत पर मारपीट करने के बाद आरोपी जिला अस्पताल तक पहुंच गए और ट्रामा सेंटर में जमकर हंगामा कर दिया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार ग्राम हिडोरा निवासी 48 वर्षीय बल्लू अपने खेत पर मौजूद था, तभी दिनेश , संतोष और एक अज्ञात युवक वहां पहुंचे और विवाद करने लगे। आरोप है कि आरोपियों ने फरियादी के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। घटना दतिया बायपास रोड स्थित मौजा डगरई में महेंद्र यादव के खेत के पास हुई। मारपीट में घायल हुए व्यक्ति को थाना चिरूला पुलिस मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन कुछ देर बाद आरोपी पक्ष के लोग भी अस्पताल पहुंच गए। ट्रामा सेंटर में पहुंचते ही युवकों ने हंगामा शुरू कर दिया, जिससे मरीजों और परिजनों में दहशत फैल गई। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने मोर्चा संभाला और काफी मशक्कत के बाद माहौल को शांत कराया।


