गुना। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत चौधरी मोहल्ला तिराहे पर बुधवार सुबह दिनदहाड़े करीब 17 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट की वारदात सामने आई। तीन अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने एक मुनीम की आंखों में स्प्रे छिड़ककर नकदी से भरा बैग छीन लिया और फरार हो गए। घटना के बाद पूरे शहर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और आरोपियों की तलाश के लिए शहरभर में नाकाबंदी कर दी गई।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित वासुदेव ब्राह्मण मूल रूप से राजस्थान के बीकानेर का निवासी है और वर्तमान में गुना के चौधरी मोहल्ला स्थित जैन मंदिर के पास रहता है। वह कुंभराज की एक धनिया व्यापारिक फर्म में मुनीम के रूप में कार्यरत है। बताया गया कि वह मंगलवार को पिछोर से विभिन्न व्यापारिक फर्मों का करीब 17 लाख रुपये का भुगतान लेकर गुना आया था। बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे वह यह रकम लेकर कुंभराज जाने के लिए अपने घर से पैदल निकला था।