शासकीय विधि महाविद्यालय की जनभागीदारी समिति की बैठक संपन्न विकास कार्यों, शैक्षणिक सुधारों एवं छात्र सुविधाओं के प्रस्तावों पर हुई विस्तृत चर्चा
नर्मदापुरम। शासकीय विधि महाविद्यालय, नर्मदापुरम की जनभागीदारी समिति की बैठक विधि महाविद्यालय बुधवाड़ा में संपन्न हुई। बैठक में महाविद्यालय के विकास, शैक्षणिक उन्नयन एवं आवश्यक सुविधाओं से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा की गई तथा समिति सदस्यों द्वारा प्रस्तावों को सहमति प्रदान की गई। बैठक में राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया, नर्मदापुरम विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा, कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा, लोकसभा सांसद प्रतिनिधि श्री अनिल दुबे, विधि महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. कल्पना भारद्वाज, डॉ. अभिषेक सिंह सहित जनभागीदारी समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान महाविद्यालय में किए जाने वाले विभिन्न विकास एवं मरम्मत कार्यों पर विचार-विमर्श किया गया। प्रमुख बिंदुओं में बरकतउल्ला विश्वविद्यालय, भोपाल से एलएलबी सत्र 2027-28 की संबद्धता शुल्क जमा करने संबंधी प्रस्ताव एवं बार काउंसिल ऑफ इंडिया (बीसीआई), नई दिल्ली के लिए संबद्धता शुल्क जमा करने के प्रस्ताव पर समिति सदस्यों द्वारा सहमति प्रदान की गई। बैठक के दौरान कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने ईई पीआईयू को निर्देशित किया कि विधि महाविद्यालय के नवीन भवन से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण कराया जाए। इसके अतिरिक्त नवीन भवन परिसर में पौधारोपण, सीसीटीवी कैमरे एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं के विकास के प्रस्तावों पर भी समिति सदस्यों द्वारा सहमति दी गई।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने निर्देश दिए कि महाविद्यालय में स्थापित किए जाने वाले सीसीटीवी कैमरे बीसीआई द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप हों तथा किसी भी सामग्री की खरीदी शासन के वित्तीय नियमों एवं क्रय समिति की अनुशंसा के आधार पर ही की जाए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि खरीदी जाने वाली प्रत्येक सामग्री के लिए पृथक पंजी संधारित किया जाए तथा अनुपयोगी सामग्री के संबंध में लोक निर्माण विभाग की संबंधित शाखा से परीक्षण उपरांत रिपोर्ट तैयार कराई जाए। कलेक्टर श्री मिश्रा ने महाविद्यालय परिसर में व्यापक स्तर पर पौधारोपण करने एवं पार्किंग व्यवस्था के विस्तार के निर्देश भी दिए। साथ ही उन्होंने जनभागीदारी समिति में जनप्रतिनिधियों एवं अन्य सदस्यों को भी शामिल किए जाने की बात कही।


