विदिशा। कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने गुरुवार को जनपद पंचायत बासौदा अंतर्गत विभिन्न ग्राम पंचायतों का भ्रमण कर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं आधारभूत सुविधाओं की जमीनी स्थिति का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

दौरे के दौरान कलेक्टर श्री गुप्ता ने ग्राम पंचायत अनवई के धनसिंहपुर में जनमन आवास योजना के अंतर्गत निर्मित आवासों का निरीक्षण कर हितग्राहियों से चर्चा की। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र एवं उचित मूल्य की दुकान का अवलोकन कर व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। अनवई पंचायत भवन में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं एवं सुझावों से अवगत कराया। इसके साथ ही मोबाइल मेडिकल यूनिट (एम.एम.यू.) के माध्यम से प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा भी की गई।

कलेक्टर ने पंचायत भवन में जनसंवाद कार्यक्रम में भाग लिया तथा ग्रामीणों से विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने नल-जल योजना के अंतर्गत स्थापित सम्पबेल एवं ओवरहेड टैंक (ओ.एच.पी.)  तथा जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही सीसी रोड निर्माण कार्य का भी अवलोकन किया।

ग्राम पंचायत सिरनोटा में  सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकान एवं खाद वितरण केंद्र का निरीक्षण कर उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने जनमन आवास योजना के लाभार्थियों से चर्चा कर योजना की प्रगति जानकारी ली गई है।

 इस दौरान जिला पंचायत सीईओ ने “एक बगिया मां के नाम” अभियान के तहत विकसित बगिया का निरीक्षण किया तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों की सराहना की।