घर में घुसकर तोड़फोड़,मारपीट,बाप-बेटी पर तेजाब डाला, थाने में पुलिस के सामने भी पैरालिसिस से पीड़ित बाप को पीटा
गुना। सोनी कालोनी में शुक्रवार दोपहर में आपसी झगड़े का हैरत अंगेज मामला सामने आया है, जिसमें एक महिला सहित कुछ अन्य लोगों ने एक घर में घुसकर ना केवल तोड़फोड़ और मारपीट कर डाली, बल्कि इस दौरान घर में साफ सफाई के लिए रखी तेजाब की बोतल खोलकर युवती पर उड़ेल दी, जिससे उसके कपड़े जल जाने के साथ ही विभिन्न अंग भी चोटिल हुए हैं। इस दौरान बेटी को बचाने के फेर में पिता के कपड़े भी जल गए। पूरे मामले में हैरत की बात यह है बाप बेटी जब इस आशय की शिकायत करने के लिए शहर कोतवाली पहुंचे तो उन्हीं के पीछे-पीछे आकर आरोपियों ने फरियादी पर संयुक्त रूप से हमला करते हुए पुलिस के सामने ही उसके साथ मारपीट कर डाली। इस दौरान जगदीश राठौर ने प्रभारी के सामने ही फरियादी से मारपीट कर डाली। जबकि फरियादी पहले से ही पैरालिसिस का मरीज है।



