अशोकनगर l सावन गांव निवासी विशाल रघुवंशी बीते कुछ दिनों से लगातार निजी स्कूलों के आसपास घूमता दिखाई दे रहा था और छात्राओं का पीछा करता था। उसकी हरकतों से छात्राएं डरी हुई थीं, जिसके बाद उन्होंने अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी।मामले की गंभीरता को देखते हुए परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से आरोपी को पकड़ने की कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी ने मौके पर मौजूद लोगों के साथ धक्का-मुक्की करने का प्रयास भी किया, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे काबू में कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक इत्र की शीशी और मंत्रों से जुड़ी एक किताब बरामद हुई है। पूछताछ में उसने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वह इत्र और मंत्रों के जरिए छात्राओं को प्रभावित करने की कोशिश करता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।आरोपी के परिजनों और दोस्तों से पूछताछ करने पर जानकारी मिली कि वह मंत्रों को पढ़ता रहता है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में की पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया है।