MP - भड़की हिंसा, पथराव और नारेबाजी के बीच मची अफरा-तफरी ...
इंदौर में भाजपा व कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर हुई हिंसक झड़प के बाद प्रदेश में राजनैतिक पारा और गर्म हो गया है। भाजपा ने दिल्ली में एआई समिट के दौरान कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन का पलटवार करने के लिए इंदौर में गांधी भवन के घेराव का एलान किया, तो कांग्रेसियों ने प्रतिरोध करने की हर संभव कोशिश की। दोनों तरफ से पत्थर, पानी की बोतलें और टमाटर एक-दूसरे पर फेंके गए। तस्वीर में देख सकते हैं सड़क पर टमाटर बिखरे पड़े हैं। पुलिस ने बैरिकेड लगाकर किसी तरह स्थिति को संभाला। इस पथराव में छह लोग घायल हुए हैं। इसमें एक मीडियाकर्मी और एक पुलिस अधिकारी को भी चोटें आई हैं। एक महिला नेत्री बिंदू चौहान को पथराव में गंभीर चोटें आईं हैं। उन्हे निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है। इस पूरे मामले में भाजपा कार्यकर्ता पंढरीनाथ थाने पहुंचे। भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग कर रहे हैं।



