हरियाणा युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों के लिए हुए चुनाव के परिणाम जारी हो गए हैं। अध्यक्ष को छोड़कर बाकी सभी पदाधिकारी निर्वाचित कर लिए गए हैं। हैरानी की बात है जिन हिमानी नरवाल की हत्या हो चुकी है, सचिव पद पर उनका नाम भी है। मृत कांग्रेस नेता हिमानी नरवाल को राज्य सचिव के पद के लिए सबसे ज्यादा 26 मत मिले हैं। जैसे ही सूची सार्वजनिक हुई, हिमानी नरवाल को सचिव निर्वाचित किए जाने की खूब चर्चा होने लगी। कांग्रेस की इस सूची पर भाजपा ने चुटकी ली कि पार्टी को अपने संगठन का ही पता नहीं। इस पर कांग्रेस ने तुरंत भूल सुधार करते हुए कहा कि हिमानी का नाम सूची से हटाकर दूसरे स्थान पर रहने वाली उम्मीदवार को राज्य सचिव निर्वाचित करने का फैसला लिया गया l मीडिया प्रभारी चांदवीर हुड्डा ने कहा कि चुनाव में हिमानी नरवाल ने आवेदन किया था और उसी आधार पर परिणाम घोषित हुए हैं। दूसरी तरफ चुनाव अधिकारी अरुण कुमार ने कहा कि हिमानी ने राज्य सचिव का चुनाव लड़ा था, लेकिन चुनाव प्रक्रिया के बीच में ही उनकी हत्या कर दी गई। उनका नाम केवल चुनाव लड़ने वालों की सूची में है। चांदवीर का कहना है कि यह प्रक्रिया दिसंबर 2024 से चल रही है, जिसमें हिमानी ने आवेदन करने के साथ अपने हल्के में सदस्यों के मत बनवाने से लेकर मतदान तक पूरा करवाया था। इसके बाद सिर्फ परिणाम जारी हुआ है।  हिमानी नरवाल कांग्रेस की सक्रिय कार्यकर्ता थीं, जो राहुल गांधी के साथ भारत जोड़ो यात्रा में भी दिखाई दी थीं। राहुल गांधी के साथ उनकी तस्वीर वायरल होने के बाद वह चर्चा में आई थीं। हिमानी का 1 मार्च की सुबह सांपला के पास सूटकेस में शव मिला था।