इंदौर l भागीरथपुरा में पिछले दिनों दूषित पानी पीने से कई लोगों की मौत हो गई है। जिसको लेकर बीजेपी और कांग्रेस एक दूसरे पर हमलावार है। इसी बीच खबर है कि आज भागीरथपुरा में बीजेपी और कांग्रेस आमने-सामने आ गई है और बड़ी संख्या में दोनों पार्टी के कार्यकर्ता जमकर नारेबाजी कर रहे हैं।

दोनों ही दलो के कार्यकर्ताओं बीच हुई धक्का मुक्की में महिलाओं और पुलिसकर्मीयों के घायल होने की खबर  हैं। इतना ही नहीं हंगामे के दौरान जूते चप्पल फेंके जाने की खबर सामने आई है, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और हालात पर नजर रखी जा रही है। 

दर असल दूषित पेयजल त्रासदी को लेकर कांग्रेस ने  पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा की अगुवाई में जांच समिति बनाई है जिसमें कांग्रेस के दो विधायक महेश परमार और प्रताप ग्रेवाल शामिल हैं।

जांच समिति के सदस्य जब कांग्रेस के स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ भागीरथपुरा में पीड़ित परिवारों से मिलने जा रहे थे तभी बीजेपी के कार्यकर्ता वहां जमा हो गए।

 चश्मदीदों ने बताया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के दल को काले झंडे दिखाए और ‘वापस जाओ-वापस जाओ’ के नारे लगाने शुरू कर दिए। जवाब में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी नारेबाजी शुरू कर दी जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। भागीरथपुरा क्षेत्र में शांति व्यवस्था बरकरार रखने के लिए 10 महिलाओं समेत 45 लोगों को एहतियातन गिरफ्तार किया गया और बाद में मुचलके पर रिहा कर दिया गया।’’