सहकारिता सप्ताह के अंतर्गत कृषि अधिकारियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
विदिशा। सहकारिता मंत्रालय की स्थापना के पाँच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित सहकारिता सप्ताह के अंतर्गत इफको द्वारा कृषि विभाग, विदिशा के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए एक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इफको भोपाल के राज्य विपणन प्रबंधक डॉ. डी. के. सोलंकी रहे।
अपने संबोधन में डॉ. सोलंकी ने रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करने की आवश्यकता पर बल देते हुए नैनो उर्वरकों को प्रभावी एवं वैज्ञानिक विकल्प बताया। उन्होंने कहा कि नैनो यूरिया के समुचित उपयोग से रासायनिक यूरिया की खपत में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है तथा किसानों तक इसकी सही जानकारी पहुँचाना आवश्यक है।
उप संचालक कृषि, विदिशा श्री सचिन जैन ने अधिकारियों से आधुनिक कृषि तकनीकों को किसानों तक प्रभावी ढंग से पहुँचाने का आह्वान किया। वहीं इफको के क्षेत्रीय प्रबंधक श्री कुमार मनेन्द्र ने असंतुलित उर्वरक उपयोग के दुष्प्रभावों तथा नैनो यूरिया प्लस, नैनो डीएपी, नैनो जिंक, नैनो कॉपर एवं नैनो एनपीके के वैज्ञानिक उपयोग एवं लाभों की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों की तकनीकी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया तथा कृषि विभाग के सहयोग से किसानों के बीच नैनो उर्वरकों के प्रदर्शन एवं प्रचार-प्रसार कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया।


