सीहोर। सहकारिता मंत्रालय की स्थापना के पाँच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित सहकारिता सप्ताह के अंतर्गत इफको एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, सीहोर के संयुक्त तत्वावधान में जिला सहकारी बैंक परिसर में "सहकारिता चौपाल" का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में इफको भोपाल के राज्य विपणन प्रबंधक डॉ. दिनेश कुमार सोलंकी ने संतुलित पोषण प्रबंधन, मृदा परीक्षण तथा नैनो यूरिया, नैनो डीएपी, सागरिका, नैनो जिंक, नैनो कॉपर, जलविलेय उर्वरक, जैव उर्वरक, एनपीके कंसोर्टिया एवं बायो डीकंपोजर के वैज्ञानिक उपयोग पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने किसानों की आय बढ़ाने एवं पर्यावरण संरक्षण में नैनो उर्वरकों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।

जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, सीहोर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सौरभ जूनवाल ने सहकारी समितियों से इफको के उन्नत उत्पादों के अधिकाधिक प्रचार-प्रसार एवं व्यापार का आह्वान किया, जिससे समितियों की आय में वृद्धि के साथ किसानों को गुणवत्तापूर्ण उर्वरक सहज उपलब्ध हो सकें।

कृषि विभाग, सीहोर के उपसंचालक श्री अशोक उपाध्याय ने सरकार की ई-टोकन व्यवस्था की जानकारी देते हुए किसानों को आवश्यकता अनुसार नैनो उर्वरकों, जैव उर्वरकों एवं अन्य उन्नत कृषि आदानों के उपयोग हेतु प्रेरित करने पर बल दिया।

कार्यक्रम में सहकारिता विभाग के वरिष्ठ सहकारी निरीक्षक श्री आर.एस. रेकवाल एवं वरिष्ठ अंकेक्षण अधिकारी श्री सुनील सक्सेना भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन इफको के क्षेत्रीय अधिकारी श्री अनुज कुर्मी ने किया।