भारतीय महिला टीम ने रविवार को महिला वनडे विश्व कप 2025 के छठे मुकाबले में पाकिस्तान को 88 रनों से हराया। विश्व कप में हरमनप्रीत कौर के नेतृत्व वाली भारतीय टीम की दूसरी जीत है। वहीं पाकिस्तान की टूर्नामेंट में लगातार दूसरी हार है। कोलंबो में खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम ने 50 ओवर में सभी विकेट खोकर 247 रन बनाए, इसके जवाब में पाकिस्तान की टीम 43 ओवर में सभी विकेट खोकर 159 रन ही बना सकी। पाकिस्तान के लिए सिदरा ने सर्वाधिक 81 रन बनाए। भारत की ओर से क्रांति और दीप्ति ने 3-3 विकेट लिए।

248 रनों के जवाब में पाकिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही। मुनीबा अली रन आउट होकर पवेलियन लौट गईं। सदफ शमास 24 गेंद में 6 रन बनाकर आउट हुईं। क्रांति गौड़ ने उन्हें पवेलियन भेजा। आलिया रियाज दो रन ही बना सकीं। सिदरा आमीन और नतालिया परवेज की जोड़ी ने पारी को संभाला और चौथे विकेट के लिए 69 रन जोड़े। गौड ने परवेज (33) को आउटकर इस साझेदारी का अंत किया। इसके बाद भारतीय गेंदबाजी आक्रमण के आगे पाकिस्तान का कोई भी बल्लेबाज अधिक देर तक नहीं टिक सका। सिदरा आमीन ने 81 रनों की पारी खेली। उन्हें स्नेह राणा ने आउट किया। 43वें ओवर में दीप्ति शर्मा ने सादिया इकबाल (शून्य) को आउटकर पाकिस्तान की पारी का 159 के स्कोर पर अंत कर दिया। यह भारतीय टीम की पाकिस्तान पर लगातार 12वीं जीत है।