राजगढ़। 

मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान के अंतर्गत मंगलवार को राजगढ़ नगर के पारायण चौक में जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य आमजन को शासन की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना रहा। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने पहुंचकर विभिन्न विभागों के स्टॉलों पर जानकारी प्राप्त की तथा अपनी समस्याओं एवं आवेदनों का पंजीयन कराया। शिविर में कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा, राजगढ़ विधायक श्री अमर सिंह यादव, पूर्व विधायक श्री रघुनंदन शर्मा सहित जनप्रतिनिधियों एवं जिला अधिकारियों ने सहभागिता कर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा आमजन से संवाद स्थापित किया। इस अवसर पर अनुविभागीय (राजस्‍व) अधिकारी श्रीमती निधि भारद्वाज एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री पवन अवस्थी भी उपस्थित रहे।

शिविर में ऊर्जा, कृषि, पंचायत एवं ग्रामीण विकास , राजस्व, स्वास्थ्य , श्रम, सहकारिता , महिला एवं बाल विकास, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। विभागीय अधिकारियों ने नागरिकों को शासन की योजनाओं, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया तथा उपलब्ध सुविधाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। साथ ही पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित करने की कार्यवाही भी की गई। शिविर के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पोषण आहार प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने पौष्टिक एवं संतुलित आहार से संबंधित आकर्षक मॉडल एवं व्यंजन प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता के माध्यम से कुपोषण मुक्ति एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।

शिविर में विभिन्न विभागों को प्राप्त कुल 2166 आवेदन दर्ज किए गए, जिनमें अधिकांश आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया तथा शेष प्रकरणों के शीघ्र निराकरण हेतु संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया। जनकल्याण शिविर के माध्यम से शासन की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने तथा नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे लोगों का शासन-प्रशासन के प्रति विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो रहा है।