प्रतिभा किरण योजना का लाभ लेना है तो यह खबर है आपके काम की
कटनी - मध्यप्रदेश के उच्च शिक्षा विभाग द्वारा शहरी क्षेत्र की छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने हेतु संचालित प्रतिभा किरण योजना के अंतर्गत विशेष अवसर प्रदान किया गया है। शैक्षणिक सत्र 2023-24 में छात्रवृत्ति से वंचित रह गई पात्र छात्राएं अब पुनः आवेदन कर सकती हैं। उच्च शिक्षा विभाग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, ऐसी सभी छात्राएं जो पूर्व में किसी कारणवश छात्रवृत्ति का लाभ नहीं ले सकीं, उनके लिए विशेष रूप से आवेदन प्रक्रिया पुनः प्रारंभ की गई है। आवेदन प्रक्रिया की अंतिम तिथि 4 जुलाई निर्धारित की गई है। इच्छुक एवं पात्र छात्राएं निर्धारित समयावधि में स्कॉलरशिप पोर्टल 2.0 के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। उच्च शिक्षा विभाग ने छात्राओं से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करते हुए समय रहते आवेदन सुनिश्चित करें, ताकि उन्हें योजना का लाभ मिल सके।


