मध्यप्रदेश का बजट आगामी 18 फरवरी को प्रस्तुत किया जायेगा--उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा
इंदौर l उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि प्रदेश का बजट आगामी 18 फरवरी को प्रस्तुत किया जायेगा। बजट के पूर्व आम जनता के सुझाव लिये गये। साथ ही बजट के संबंध में विषय विशेषज्ञों और अनुभवी लोगों से चर्चा की गयी। इस बार का बजट अच्छा और जन हितैषी आयेगा। उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा आज नायता मुण्डला इंदौर स्थित ऑल इंडिया दाल मिल एसोसियेशन द्वारा आयोजित तीन दिवसीय ग्रीन एक्स प्रदर्शनी के दूसरे दिन आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। इस मौके पर ऑल इंडिया दाल मिल एसोसियेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री सुरेश अग्रवाल, पूर्व महापौर श्री कृष्णमुरारी मोघे, श्री सुमित मिश्र सहित श्री अनिल गुप्ता, श्री सौरव राठी, श्री उत्तम कटारिया विशेष रूप से उपस्थित थे।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने दाल मिल एसोसियेशन द्वारा आयोजित तीन दिवसीय ग्रीन एक्स प्रदर्शनी की सराहना करते हुये कहा कि यह एक अच्छा और बेहतर आयोजन है। इस आयोजन से दाल मिल मालिकों और व्यापारियों को एक नई दिशा मिलेगी। प्रदर्शनी में ताईवान,कनाड़ा, इग्लैण्ड आदि देशों की आधुनिकतम मशीनों को प्रदर्शित किया गया, जो सराहनीय है। उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने कहा कि मध्यप्रदेश में दलहन पर लगने वाले अधिकतम जीएसटी और मंडी शुल्क संबंधी समस्याओं के निराकरण के लिये केन्द्रीय जीएसटी कौंसिल के समक्ष रखा जायेगा। साथ ही इस विषय पर प्रदेश के सभी दलहन उद्योगपतियों और व्यापारियों के साथ चर्चा की जायेगी।
उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने दाल मिल एसोसियेशन के पदाधिकरियों से कहा कि वे अपनी माँगों को लिखित में दें। इस मौके पर श्री देवड़ा ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और मशीनों के बारे में उद्योगपतियों से जानकारी प्राप्त की। साथ ही एसोसियेशन के पदाधिकारियों और सदस्यों से संवाद किया।
कार्यक्रम को पूर्व महापौर श्री मोघे ने भी सम्बोधित किया। कार्यक्रम में दाल मिल एसोसियेशन के अध्यक्ष श्री सुरेश अग्रवाल ने बताया कि यह आयोजन अंतर्राष्ट्रीय स्तर का है,जहाँ इंग्लैण्ड, चीन, कनाड़ा, ताईवान, टर्की, स्पेन आदि देशों की अत्याधुनिक और टेक्नालॉजी से लेस मशीनें प्रदर्शित की गयी है,जिनकी कीमत दो लाख रुपये से लेकर चार करोड़ रुपये तक है। इस आयोजन में मध्यप्रदेश सहित सभी राज्यों के दाल मिल मालिकों और व्यापारीगण शामिल हुये।



