विद्यार्थियों को जैविक खेती प्रशिक्षण का प्राचार्य द्वारा निरीक्षण

कटनी - प्रधानमंत्री कॉलेज आफ एक्सीलेंस शासकीय तिलक स्नातकोत्तर महाविद्यालय कटनी में मध्य प्रदेश शासन उच्च शिक्षा विभाग द्वारा व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत शिक्षा के साथ स्वरोजगार स्थापित करने के लिए जैविक खेती का प्रशिक्षण स्नातक स्तर के विद्यार्थियों को जैविक कृषि विशेषज्ञ रामसुख दुबे द्वारा दिया जा रहा है। महाविद्यालय के वनस्पति उद्यान में चल रहे जैविक खेती के प्रशिक्षण का अवलोकन एवं निरीक्षण प्राचार्य डॉक्टर सुनील कुमार बाजपेई एवं प्रशिक्षण समन्वयक डॉ व्ही के द्विवेदी द्वारा किया गया। डॉक्टर वाजपेई ने विद्यार्थियों के बीच बैठकर जैविक खेती के अंतर्गत दिए जा रहे प्रशिक्षण कम लागत तकनीक जीरो बजट फार्मिंग के अंतर्गत खरपतवार कीट एवं रोग नियंत्रण तथा जैविक खाद निर्माण के तकनीक को विद्यार्थियों के साथ साझा किया। विद्यार्थियों को जैविक खाद बनाकर फसलों में उपयोग करने तथा कृषि को लाभ का धंधा बनाने एवं बाजार पर निर्भरता कम करने का मार्गदर्शन सहित 4 पिट केंचुआ खाद निर्माण का अवलोकन किया एवं विद्यार्थियों को केंचुआ खाद बनाने हेतु प्रेरित किया।