आरक्षक (जीडी) भर्ती 2025 – शारीरिक दक्षता एवं दस्तावेज परीक्षण प्रक्रिया प्रदेशभर में सुचारू रूप से जारी
भोपाल l आरक्षक (जीडी) भर्ती परीक्षा वर्ष 2025 के अंतर्गत शारीरिक दक्षता परीक्षा (Physical Proficiency Test) एवं दस्तावेज परीक्षण की प्रक्रिया 23 फरवरी 2026 से प्रदेश में प्रारंभ कर दी गई है। भर्ती प्रक्रिया के सुचारू, पारदर्शी एवं व्यवस्थित संचालन के लिए भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन, रतलाम, बालाघाट, सागर, रीवा एवं मुरैना में 10 केन्द्र निर्धारित कर परीक्षण कार्य प्रारंभ किया गया है।
भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत विगत तीन दिवस में कुल 8000 अभ्यर्थियों को परीक्षण हेतु आमंत्रित किया गया, जिनमें 1743 पुरुष, भूतपूर्व सैनिक, होमगार्ड एवं 6257 महिलाएं और होमगार्ड महिलाएं शामिल थीं। इनमें से अब तक 6524 अभ्यर्थी परीक्षण हेतु उपस्थित हुए, जिनमें 1341 पुरुष, भूतपूर्व सैनिक, होमगार्ड तथा 5183 महिलाएं एवं होमगार्ड महिलाएं सम्मिलित हैं, जिन्होंने सफलतापूर्वक शारीरिक दक्षता एवं दस्तावेज परीक्षण पूर्ण कर लिया है। भर्ती प्रक्रिया नियमित रूप से संपादित की जा रही है, जो 14 मार्च तक जारी रहेगी।



