वाहन रैली के माध्यम से कृषकों को किया गया जागरूक

गुना कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशानुसार एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) आरोन सुश्री मंजुषा खत्री के मार्गदर्शन में आज आरोन क्षेत्र के ग्राम बमुरिया, बरोद एवं रोरिया में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य किसानों एवं ग्रामीण नागरिकों को नरवाई (पराली) न जलाने के प्रति जागरूक करना था।
अभियान के तहत राजस्व विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग तथा कृषि विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समन्वय से वाहन रैली सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से ग्रामवासियों को पराली जलाने के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया और वैकल्पिक उपायों को अपनाने का संदेश दिया गया।
इस दौरान संबंधित अधिकारियों द्वारा किसानों से संवाद कर पराली न जलाने के फायदे बताए गए। साथ ही, जिन किसानों पर नरवाई जलाने के मामले में अर्थदंड लगाया गया था, उनकी सूची सार्वजनिक रूप से पढ़कर सुनाई गई एवं आदेश की प्रति ग्राम चौपाल पर चस्पा की गई।
ज्ञात है कि कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल द्वारा नरवाई जलाने की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण हेतु जिले में सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इन निर्देशों के तहत पराली जलाने वालों पर ₹2,500 से ₹15,000 तक का जुर्माना अधिरोपित किया जा रहा है।
एसडीएम सुश्री मंजुषा खत्री ने ग्रामीणों से अपील की कि वे पराली जलाने से बचें और पर्यावरण हितैषी वैकल्पिक समाधान अपनाएं, जिससे न केवल पर्यावरण की रक्षा हो सके, बल्कि कृषि भूमि की उपजाऊ शक्ति भी बनी रहे।
आज इस अवसर पर तहसीलदार आरोन श्रीमती रूचि अग्रवाल, नायब तहसीलदार श्री अमित जैन, सीईओ जनपद आरोन श्री गौरव यादव, कृषि विभाग के एसईडीओ श्री शिव सिंह किरार उपस्थित रहे।