सतना /प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री रामखेलावन पटेल ने रविवार को ओलावृष्टि और असामयिक वर्षा से प्रभावित रामनगर (सरियांचल क्षेत्र) के कुआं, पैपरखा सहित विभिन्न ग्रामों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने किसानों के खेतों में जाकर प्रभावित फसलों को देखा। राज्यमंत्री ने राजस्व अमले को जल्द से जल्द क्षति का आंकलन कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिये। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया। कि राजस्व अमला ओलावृष्टि के बाद से ही लगातार सर्वे कर रहा है और किसानों को शीघ्र राहत पहुँचाने के प्रयास किये जा रहे हैं। राज्यमंत्री श्री पटेल ने कहा कि यह क्षेत्र कृषि में काफी समृद्ध क्षेत्र है। ओलावृष्टि और असामयिक वर्षा से यहाँ गेहूँ, सरसों और अन्य फसलों को काफी नुकसान हुआ है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सर्वे से कोई भी क्षेत्र वंचित नहीं रहे और सर्वे वास्तविक और जमीनी स्तर पर हो। राज्यमंत्री श्री पटेल ने किसानों से चर्चा की और राजस्व अमले को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये।