कृषकों का पुणे में पाँच दिवसीय प्रशिक्षण सह भ्रमण कार्यक्रम सम्पन्न
गुना l उद्यानिकी विभाग, गुना द्वारा राज्य योजना अंतर्गत दिनांक 22 से 26 सितम्बर 2025 तक राज्य के बाहर पाँच दिवसीय कृषक प्रशिक्षण सह भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम के अंतर्गत जिला गुना के 30 किसानों का दल, उपसंचालक उद्यान श्री के.पी.एस. किरार के नेतृत्व में NIPHT, तलेगाँव (पुणे, महाराष्ट्र) में प्रशिक्षण हेतु गया। दल को कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में रवाना किया गया था।किसानों ने वहाँ पूरे पाँच दिन रहकर पॉलीहाउस निर्माण की बारीकियाँ, बेड निर्माण, भूमि की तैयारी, उपयुक्त मिट्टी के प्रकार, पौधारोपण तकनीक, रोग एवं कीट प्रबंधन, सिंचाई प्रबंधन तथा फर्टिगेशन, विपणन आदि की गहन जानकारी प्राप्त की। साथ ही, विभिन्न पॉलीहाउस का भ्रमण कर किसानों से व्यावहारिक अनुभव भी अर्जित किया।
कलेक्टर श्री किशोर कन्याल ने कहा कि गुना को गुलाबों का शहर बनाने की दिशा में जो भी कार्य संभव होंगे, उन्हें प्राथमिकता से किया जाएगा।
उपसंचालक उद्यान श्री के.पी.एस. किरार ने कहा कि किसान भाइयों ने पाँच दिनों तक रहकर जो समर्पण और उत्साह से तकनीक सीखी है, वह जिले में पॉलीहाउस खेती और उच्च मूल्य वाली फसलों के विस्तार का मार्ग प्रशस्त करेगी।
यह पहल निश्चित ही गुना जिले को ‘गुलाबों का शहर’ बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है।



