मुरैना/प्रदेश के किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री श्री ऐदल सिंह कंषाना ने शुक्रवार को सुमावली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत 577 लाख रूपये के निर्माण कार्यो का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने ग्रामीणजनों को आश्वस्त किया कि केन्द्र व राज्य सरकार हरहाल में ग्रामीण विकास पर जोर दे रही है। जिसमें सड़क, बिजली, पानी समय पर उपलब्ध हो। ताकि ग्रामीणजनों को खेती के कार्य में असुविधा न हो। क्योंकि देश में 75 प्रतिशत लोग खेती पर निर्भर है। यह बात उन्होंने ग्राम ऐसाह, तिछोला और जखोना में आमसभा को संबोधित करते हुए कही। इस अवसर पर सांसद श्री शिवमंगल सिंह तोमर, समाजसेवी श्री नरेन्द्र सिकरवार, श्री बालकृष्ण सांटा, श्री बलवीर डंडोतिया सहित संबंधित पंचायतों के सरपंच एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कृषि मंत्री श्री कंषाना ने कहा कि ग्राम पंचायत ऐसाह में तिछोला भडारखी से ऐसाह तक 2.70 किलोमीटर लंबी 248 लाख रूपये की सड़का भूमिपूजन किया गया है। इस सड़क के बनने से किसानों को फसल लाने एवं ले जाने की सुविधा मिलेगी। साथ ही सड़क के बनने से ये गांव मुख्य सड़क से जुड़ जायेंगे। कृषि मंत्री श्री कंषाना ने ग्राम पंचायत तिछोला में पक्का पुरा पर हनुमान मंदिर से माता मंदिर तक 10 लाख रूपये की लागत से सीसी रोड़ का लोकार्पण किया। कृषि मंत्री श्री कंषाना ने ग्राम जखोना की घड़ी में 3 किलोमीटर लंबी 319 लाख रूपये की लागत से सड़का भूमिपूजन किया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से मनुष्य के शरीर में नसों से संचालन होता है, ठीक उसी प्रकार से ग्रामीण विकास के लिए सड़के भी महत्वपूर्ण कड़ी होती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में ग्रामीण विकास तीव्र गति से किए जा रहे है। आगे आने वाले समय में विकास और तेजी से होंगे, यह प्रदेश सरकार भी आपको आश्वस्त करती है। उन्होंने कहा कि पात्र व्यक्तियों के लिए आयुष्मान भारत योजना संचालित की गई है। जिसके द्वारा बीमारी के समय 5 लाख रूपये का इलाज मुफ्त किया जा रहा है। इसके साथ ही उज्जवला योजना के तहत गांव-गांव गैस सिलेण्डर उपलब्ध कराए गये है। हर गरीब को प्रत्येक माह राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं एवं प्रदेश और देश के विकास में सहयोगी बनें। मुरैना-श्योपुर के सांसद श्री शिवमंगल सिंह तोमर ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सड़क पहली प्राथमिकता है। इसके लिए विधानसभा अध्यक्ष और कृषि मंत्री कृतसंकल्पित है। हर गांव मुख्य सड़को से जुड़े, इसलिए सड़कों के भूमिपूजन एवं लोकार्पण किये जा रहें है। प्रदेश सरकार की मंशा है कि सबका साथ सबका विकास हो। श्री तोमर ने कहा कि कृषि मंत्री द्वारा गुरूवार को भी कई सड़कों के भूमिपूजन/लोकार्पण किए और आज भी किए जा रहें है। सड़क बनने से किसान को अपनी फसल का उचित दाम प्राप्त करने के लिए मंडी में शीघ्र पहुंच सकेंगे। अब उन्हें फसल बेचने के लिए रास्तों की समस्या नहीं होगी l