रायसेन l कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सोमवार को खरीफ-2026 अंतर्गत प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के संबंध में जिला स्तरीय कार्यशाला कलेक्टर श्री अरूण कुमार विश्वकर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। कार्यशाला में खरीफ 2026 मौसम अंतर्गत अधिक से अधिक पात्र कृषकों का फसल बीमा कराने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने सभी संबंधित विभागों एवं बैंकर्स को निर्देशित किया कि किसानों को योजना की जानकारी उपलब्ध कराते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर फसल बीमा कराने हेतु प्रेरित किया जाए। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत खरीफ 2026 के लिए कृषक अंश प्रीमियम निर्धारित है। जिसमें धान सिंचित फसल हेतु 1,020 रू प्रति हेक्टेयर, धान असिंचित फसल हेतु 684 रू प्रति हेक्टेयर, सोयाबीन फसल हेतु 758 रू प्रति हेक्टेयर तथा मक्का फसल हेतु 604 रू प्रति हेक्टेयर एवं जिला स्तरीय उड़द फसल हेतु 486 रू प्रति हैक्टेयर राशि निर्धारित है। खरीफ 2026 के लिए फसल बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 है। किसानों से अपील की गई है कि वे अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना अपने संबंधित बैंक, कॉमन सर्विस सेंटर अथवा अधिकृत बीमा प्रतिनिधि के माध्यम से फसल बीमा कराएं। अऋणी कृषकों को फसल बीमा कराने के लिए नवीनतम आधार कार्ड, बैंक पासबुक, भू-अभिलेख/बही खाता, मोबाइल नंबर तथा बुवाई प्रमाण पत्र (स्वप्रमाणित) सहित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करना आवश्यक है। कार्यशाला में जिला पंचायत सीईओ श्री कमल सोलंकी, उप संचालक श्री केपी भगत, लीड बैंक अधिकारी श्री प्रताप सिंह संबंधित विभागों के अधिकारी तथा एसबीआई जनरल इंश्योरेंस से जिला समन्वयक श्री विनय यादव उपस्थित रहे।