शिवपुरी l अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पोहरी श्री जे.पी. गुप्ता ने कृषि उपज मंडी समिति पोहरी का औचक निरीक्षण कर मंडी की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने किसानों की सुविधा, मंडी परिसर की व्यवस्थाओं तथा मंडी कर वसूली व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने मंडी परिसर में बने शेड का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि वर्षाकाल में उपज लेकर आने वाले किसानों को शेड में पर्याप्त स्थान उपलब्ध कराया जाए, ताकि उनकी कृषि उपज सुरक्षित रहे और बारिश से किसी प्रकार का नुकसान न हो। उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधा सर्वाेच्च प्राथमिकता रहे।एसडीएम श्री जे.पी. गुप्ता ने मंडी कर्मचारियों को निर्देशित किया कि मंडी परिसर के बाहर होने वाली कृषि उपज की खरीद-फरोख्त पर सतत निगरानी रखी जाए। बिना मंडी कर के कृषि उपज का परिवहन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने मंडी कर की शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने तथा कर चोरी करने वाले व्यापारियों पर नियमानुसार पांच गुना अर्थदंड लगाने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान कृषि उपज मंडी समिति के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।